अलीगढ़

हैंड्स फॉर हेल्प सामाजिक संस्था ने 4 वर्षीय बच्ची के उपचार हेतु आवश्यक दवाइयाँ उपलब्ध कर निभाया मानवता का दायित्व

संस्था की हेल्पलाइन पर बदायूं निवासी बच्ची के पिता श्री कृष्ण का फोन प्राप्त हुआ

अलीगढ़। हैंड्स फॉर हेल्प सामाजिक संस्था, अलीगढ़ ने एक बार फिर मानवता और सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए आर्थिक रूप से अत्यंत कमजोर परिवार की 4 वर्षीय बच्ची नीतू उर्फ अलका के उपचार के लिए आवश्यक दवाइयाँ उपलब्ध कराकर उसकी सहायता की। संस्था की हेल्पलाइन पर बदायूं निवासी बच्ची के पिता श्री कृष्ण का फोन प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि उनकी चार वर्षीय पुत्री पिछले तीन दिनों से जे.एन. मेडिकल कॉलेज, अलीगढ़ में भर्ती है और गंभीर लीवर रोग से पीड़ित है। बच्ची के उपचार में परिवार अपनी पूरी जमा-पूंजी खर्च कर चुका था। आर्थिक स्थिति इतनी दयनीय हो गई थी कि वे चिकित्सकों द्वारा लिखी गई आवश्यक दवाइयाँ भी खरीदने में असमर्थ थे, जिससे बच्ची का उपचार प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हो गई थी। सूचना मिलते ही हैंड्स फॉर हेल्प सामाजिक संस्था की टीम देर रात्रि अस्पताल पहुँची और परिवार की वास्तविक स्थिति का आकलन किया। परिवार की अत्यंत गंभीर आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए संस्था ने तत्काल आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था कर उन्हें उपलब्ध कराया, जिससे बच्ची का उपचार बिना किसी बाधा के पुनः सुचारु रूप से जारी रह सका। परिवार ने बताया कि वे जनपद बदायूं के निवासी हैं तथा ईंट-भट्टे पर मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटी की गंभीर बीमारी के कारण उनकी समस्त बचत समाप्त हो चुकी थी और वे पूरी तरह आर्थिक संकट में आ गए थे। ऐसे कठिन समय में संस्था द्वारा मिली सहायता उनके लिए बड़ी राहत साबित हुई। इस सेवा कार्य में हमज़ा मेडिकल स्टोर का भी सराहनीय सहयोग रहा, जिनके सहयोग से आवश्यक दवाइयाँ समय पर उपलब्ध कराई जा सकीं। इस मानवीय सेवा अभियान में संस्था के डॉ. डी.के. वर्मा, रामू रावत, संस्था अध्यक्ष सुनील कुमार सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। संस्था अध्यक्ष सुनील कुमार ने कहा कि “हैंड्स फॉर हेल्प सामाजिक संस्था का संकल्प है कि आर्थिक अभाव किसी भी जरूरतमंद मरीज के उपचार में बाधा न बने। संस्था समाज के सहयोग से निरंतर ऐसे असहाय, गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों की हर संभव सहायता करती रहेगी और मानव सेवा के इस अभियान को आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी रखेगी।”

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!