अलीगढ़

हर घर तिरंगा अभियान को मिली नई उड़ान, 5.74 लाख तिरंगे तैयार करेंगी स्वयं सहायता समूह

महिलाओं के हाथों बनेगा राष्ट्रगौरव का प्रतीक तिरंगा, 10 अगस्त तक तैयार होंगे 5.74 लाख ध्वज

अलीगढ़  स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर आयोजित होने वाले ’’हर घर तिरंगा-अभियान’’ को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिले में व्यापक तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कलैक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को बैठक कर तिरंगा झण्डों के निर्माण एवं अन्य कार्यक्रमों के संबंध में विस्तृत समीक्षा की।बैठक का संचालन करते हुए मुख्य विकास अधिकारी योगेन्द्र कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों को 2 लाख 86 हजार एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत समूहों को 2 लाख 88 हजार राष्ट्रीय ध्वज तैयार करने का लक्ष्य सौंपा गया है। उन्होंने बताया कि जिले में 144 सिलाई केंद्रों पर अब तक 44 हजार से अधिक झण्डे बन गये हैं, निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण करा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पहल एक ओर जहां महिलाओं को रोजगार एवं आत्मनिर्भरता का सशक्त अवसर प्रदान करेगी, वहीं दूसरी ओर प्रत्येक घर और सार्वजनिक स्थल पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रभक्तक्त की भावना को और प्रगाढ़ बनाएगी।जिलाधिकारी ने नगर निगम सहित जिले के सभी नगर पालिका परिषदों, नगर पंचायतों एवं ग्राम पंचायतों उनकी आवश्यकता के अनुरूप तिरंगों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये। बैठक में बताया गया कि नगर निगम को सर्वाधिक 2 लाख 18 हजार तिरंगे उपलब्ध कराए जाएंगे, जबकि अतरौली, खैर, बरौली, छर्रा, गभाना, जलाली, जवां, इगलास, चंडौस, हरदुआगंज, मडराक, पिसावा, विजयगढ़, पिलखना सहित सभी निकायों एवं ग्राम पंचायतों के लिए भी अलग-अलग लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं।सीडीओ ने बताया कि सभी समूहों को निर्देश दिए गए हैं कि निर्धारित मानक के अनुरूप 30×20 इंच आकार के राष्ट्रीय ध्वज तैयार कर 10 अगस्त तक उपलब्ध कराएं, ताकि समय से सभी नगर निकायों एवं ग्राम पंचायतों में उनका वितरण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल तिरंगा निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार और राष्ट्रप्रेम का प्रेरक उदाहरण भी बनेगा। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के हाथों तैयार होने वाला प्रत्येक तिरंगा आत्मनिर्भर भारत की भावना को सशक्त करेगा और स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को जनभागीदारी का विराट स्वरूप प्रदान करेगा।जिलाधिकारी ने निर्देशित किया है कि नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों से संबंधित अधिकारीगण स्वयं सहायता समूहों से समन्वय स्थापित कर समयबद्ध रूप से तिरंगों की प्राप्ति एवं वितरण सुनिश्चित करें, जिससे ’’हर घर तिरंगा’’ अभियान पूरे जनपद में उत्साह, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के वातावरण के साथ सफलतापूर्वक आयोजित किया जा सके।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!