फार्मर आईडी एवं उर्वरक संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर
राजस्व अभिलेखों में दर्ज त्रुटियों का शीघ्र निस्तारण कराएं और किसी भी समस्या की स्थिति में विभागीय अधिकारियों से संपर्क करें

अलीगढ़ किसानों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराने और उर्वरक वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने जिले के किसानों के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। उपनिदेशक कृषि चौधरी अरुण कुमार ने किसानों से अपील की है कि जिनकी फार्मर आईडी अभी तक नहीं बन सकी है, वे राजस्व अभिलेखों में दर्ज त्रुटियों का शीघ्र निस्तारण कराएं और किसी भी समस्या की स्थिति में विभागीय अधिकारियों से संपर्क करें।उपनिदेशक कृषि ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न किसान कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए फार्मर आईडी को अनिवार्य किया गया है। जिन किसानों की खतौनी में नाम संबंधी त्रुटियां हैं, विरासत दर्ज नहीं हुई है अथवा आदेश के बावजूद नाम मुख्य पृष्ठ पर अंकित नहीं है, उनकी फार्मर आईडी तैयार नहीं हो पा रही है। ऐसे किसान संबंधित लेखपाल से संपर्क कर आवश्यक संशोधन कराएं। फार्मर आईडी से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए किसान सीयूजी नंबर 7839882629 और वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-ए राजा राम के मोबाइल नंबर 7390978809 पर संपर्क कर सकते हैं।इसके साथ ही जिला कृषि अधिकारी ने उर्वरकों की बिक्री में किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने की अपील की है। यदि कोई उर्वरक विक्रेता निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर उर्वरक बेचता है या किसानों को अनावश्यक गैर-अनुदानित उर्वरक खरीदने के लिए प्रेरित करता है, तो किसान उर्वरक शिकायत प्रकोष्ठ प्रभारी ऋषभ राज 9504997660, प्रधान सहायक रतन सिंह चौहान 9412509759 और जिला कृषि अधिकारी 9454653007 पर सूचना दे सकते हैं।सहकारी समितियों से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए किसान सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारी समिति, अलीगढ़ (8630097186), वरिष्ठ सहायक दीपक कुमार (9808744156) तथा कम्प्यूटर ऑपरेटर बृजेश रावत (9870682898) से संपर्क कर सकते हैं। उपनिदेशक कृषि ने कहा कि किसानों की शिकायतों और समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की समस्या होने पर दिए गए हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें और शासन की योजनाओं का पूरा लाभ उठाएं।



