अलीगढ़

पूर्व सैनिकों की समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अब आईजीआरएस पोर्टल से होगी निगरानी -डीएम

जिला सैनिक बन्धु बैठक में डीएम ने सुनीं पूर्व सैनिकों की समस्याएं, त्वरित समाधान के दिए निर्देश

अलीगढ़ जिला मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में जिला सैनिक बन्धु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि देश की सुरक्षा एवं सम्मान के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी पूर्व सैनिक को अपनी जायज समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।बैठक में शिकायतों के प्रभावी एवं पारदर्शी निस्तारण के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी जितेंद्र चौहान को निर्देशित किया कि अब से पूर्व सैनिकों के सभी आवेदन पत्रों को आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज एवं संरक्षित किया जाए। इससे शिकायतों के निस्तारण की नियमित मॉनीटरिंग हो सकेगी और संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी।बैठक में अधिकांश शिकायतें भूमि विवादों से संबंधित प्राप्त हुईं। इसके अतिरिक्त किरायेदारी एवं भरण-पोषण अधिनियम, भूमि पैमाइश, कब्जा दिलाए जाने, शहीद के नाम पर मार्ग का नामकरण, शस्त्र लाइसेंस के नवीनीकरण एवं पंजीकरण, खतौनी में त्रुटिपूर्ण नामों का संशोधन, कुराबंदी, सार्वजनिक मार्गों की सुरक्षा तथा कृषि भूमि तक पहुंच के लिए रास्ता उपलब्ध कराए जाने संबंधी प्रकरण भी उठाए गए।जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करते हुए की गई कार्रवाई से शिकायतकर्ताओं को भी अवगत कराया जाए। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों के सम्मान एवं हितों की रक्षा के लिए प्रशासन पूरी संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।बैठक में उल्फत सिंह चौहान, जसवीर सिंह, रघुवीर सिंह, राजेन्द्री देवी, अरविन्द कुमार, रामवीर, विनोद कुमार, ज्ञान सिंह राजपूत, ओमवीर सिंह राघव एवं अन्य भूतपूर्व सैनिक उपस्थित रहे।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!