अलीगढ़

दिव्यांगजनों के लिए 22 से 29 जुलाई तक जिले भर में चिन्हांकन शिविर आयोजित होंगे

कृत्रिम अंग, सहायक उपकरण, मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल सहित विभिन्न योजनाओं का मिलेगा लाभ

अलीगढ़ दिव्यांगजनों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के सभी विकास खण्डों एवं नगर क्षेत्र में 22 से 29 जुलाई तक विशेष चिन्हांकन एवं पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र दिव्यांगजन कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण, मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, दिव्यांग छात्राओं हेतु ई-ट्राईसाइकिल, दुकान निर्माण एवं संचालन, शादी अनुदान और कॉक्लियर इम्प्लांट योजना सहित अन्य योजनाओं के लिए पंजीकरण एवं पात्रता संबंधी लाभ प्राप्त कर सकेंगे।    जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी पारिशा मिश्रा ने बताया कि निदेशक, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के निर्देशों एवं जिलाधिकारी के आदेशों के अनुपालन में जिले के विकास खण्ड धनीपुर एवं अतरौली में 22 जुलाई को, खैर एवं जवां में 23 को, लोधा एवं बिजौली में 24 को, टप्पल एवं गोण्डा में 25 को, अकराबाद एवं छर्रा में 27 को, चण्डौस एवं इगलास में 28 को और नगर संसाधन केन्द्र कोयले वाली गल, रेलवे रोड अलीगढ़ 29 जुलाई को शिविर आयोजित किए जाएंगे। सभी शिविर प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक संचालित होंगे।शिविरों के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों को दायित्व सौंपे गए हैं।खण्ड विकास अधिकारियों को शिविर स्थल पर बैठने, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग अपने विद्यालयों में अध्ययनरत दिव्यांग छात्र-छात्राओं का चिन्हांकन एवं आवेदन कराएंगे। पंचायतीराज विभाग ग्राम प्रधानों एवं ग्राम सचिवों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के दिव्यांगजनों को शिविर की जानकारी देकर उनकी सहभागिता सुनिश्चित करेगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सकों एवं चिकित्सा कर्मियों की व्यवस्था कर दिव्यांगजनों का परीक्षण एवं दिव्यांग बच्चों का चिन्हांकन कराया जाएगा। वहीं सूचना विभाग को शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।जिला प्रशासन ने जिले के सभी पात्र दिव्यांगजनों एवं उनके परिजनों से अपील की है कि वे अपने निकटतम शिविर में निर्धारित तिथि पर पहुंचकर पंजीकरण कराएं और शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!