अलीगढ़

मंडल में विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, योजनाओं का लाभ समयबद्ध पहुंचाने पर जोर

सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में सुधार के निर्देश, सोलर रूफटॉप और स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष फोकस

अलीगढ़ : मंडलायुक्त संगीता सिंह की अध्यक्षता में कमिश्नरी सभागार में आयोजित विकास कार्यों की मंडलीय समीक्षा बैठक में नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ योजनाओं के प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पूरी प्रतिबद्धता और ईमानदारी के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारें, ताकि आमजन को समयबद्ध लाभ मिल सके।बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त मंशाराम यादव ने बताया कि मार्च माह की सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में एटा 5वें, अलीगढ़ 28वें, कासगंज 41वें और हाथरस 50वें स्थान पर रहा। इस पर मंडलायुक्त ने कासगंज और हाथरस को रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए। महिला एवं बाल विकास, एमएसएमई और सीएम युवा उद्यमी योजना में कमजोर प्रदर्शन पर कासगंज और हाथरस को विशेष अभियान चलाकर प्रगति सुधारने को कहा गया। वैकल्पिक ऊर्जा के तहत अलीगढ़ जिले में 21,858 सोलर रूफटॉप स्थापना का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अलीगढ़ में लक्ष्य पूर्ति के लिए प्रतिदिन 58 संयंत्र लगाने की आवश्यकता बताई गई, जबकि वर्तमान में लगभग 50 संयंत्र प्रतिदिन स्थापित हो रहे हैं। मंडलायुक्त ने सरकारी भवनों पर सोलर संयंत्र बढ़ाने के लिए जिलाधिकारियों को पहल करने के निर्देश दिए।विद्युत विभाग की समीक्षा में ट्रांसफार्मर बदलने, शहरी-ग्रामीण विद्युत आपूर्ति, बिल सुधार और स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कृषि क्षेत्र में पीएम किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, पीएम कुसुम योजना और बीज डीबीटी योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा गया कि फार्मर रजिस्ट्री के बाद ही लाभ सुनिश्चित किया जाए। ग्राम्य विकास में अलीगढ़ को बी तथा अन्य जिलों को विभिन्न योजनाओं में ए श्रेणी प्राप्त होने पर संतोष जताया गया। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं में एम्बुलेंस 102 व 108, जननी सुरक्षा योजना, टेली रेडियोलॉजी और मोबाइल मेडिकल यूनिट की समीक्षा करते हुए हाथरस व कासगंज को सुधार के निर्देश दिए गए। 70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने में मोबाइल यूनिट का उपयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया। एचपीवी वैक्सीन को प्रभावी ढंग से लगाने के निर्देश देते हुए मंडलायुक्त ने इसे बालिकाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान बताया।नमामि गंगे परियोजना में अलीगढ़ को ए ग्रेड मिलने पर संतोष व्यक्त किया गया, जबकि अन्य जिलों के शीघ्र ए श्रेणी में आने की संभावना जताई गई। पर्यटन और सामाजिक वनीकरण के अंतर्गत वेटलैंड क्षेत्रों को चिन्हित व संरक्षित करने तथा पर्यटन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए। पशुपालन विभाग की समीक्षा में निराश्रित गौवंश संरक्षण, टीकाकरण और गर्मी में पशुओं के लिए चारा-पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। मंडल में कुल 14,082 कुंतल भूसा संग्रहित किया गया है। लोक निर्माण विभाग को सड़कों व सेतुओं के निर्माण और रखरखाव में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। समाज कल्याण विभाग की योजनाओं मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह, पेंशन, छात्रवृत्ति एवं पारिवारिक लाभ योजना की भी समीक्षा की गई। आईजीआरएस में मंडल की 13वीं रैंक पर चिंता जताते हुए शिकायतकर्ताओं से समय पर संपर्क और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में विभिन्न विभागों कृषि, पशुपालन, पंचायतीराज, शिक्षा, उद्योग, सिंचाई, ग्राम्य विकास सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में जिलाधिकारी संजीव रंजन, अतुल वत्स, प्रणय सिंह, प्रेम रंजन सहित मुख्य विकास अधिकारी, अपर निदेशक स्वास्थ्य एवं पशुपालन, संयुक्त आयुक्त उद्योग, संयुक्त निदेशक माध्यमिक शिक्षा एवं कृषि, उप निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण, उप निदेशक अर्थ संख्या अनुला वर्मा सहित अन्य मण्डलीय अधिकारी उपस्थित रहे।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!