ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण की पहल को अधिकारी दे रहे गति
डीएम के निर्देश पर पूलिंग व्यवस्था अपनाकर बैठक में पहुंच रहे अधिकारी

अलीगढ़: शासन की ईंधन बचाओ एवं पर्यावरण संरक्षण की मंशा को जिला स्तर पर अधिकारी गंभीरता से अमल में ला रहे हैं। मण्डलायुक्त संगीता सिंह द्वारा मंडलीय बैठकों को ज़ूम माध्यम से आयोजित किए जाने की पहल और मुख्यमंत्री की ईंधन बचत अपील से प्रेरित होकर जिले के अधिकारी भी व्यवहारिक स्तर पर सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं।जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने अधिकारियों को आवागमन में पूलिंग व्यवस्था अपनाने के निर्देश दिए हैं, ताकि ईंधन की बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल सके। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में सहायक निदेशक सूचना संदीप कुमार लगातार बैठकों में पूलिंग व्यवस्था के तहत प्रतिभाग कर रहे हैं। शुरूआती दिनों में सहायक निदेशक सूचना संदीप कुमार ने विकास भवन से कलैक्ट्रेट तक साइकिल से पहुंचकर ईंधन बचत और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। वर्तमान में भीषण गर्मी के चलते अब वह जिलाधिकारी के निर्देश को अमल में लाते हुए पूलिंग व्यवस्था के तहत अधिकारियों के साथ साझा वाहन से बैठकों में प्रतिभाग कर रहे हैं।मंगलवार को सहायक निदेशक सूचना संदीप कुमार ने एआर कॉपरेटिव नागेन्द्र पाल सिंह एवं मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ दिवाकर त्रिपाठी के साथ शासकीय वाहन से पूलिंग व्यवस्था अपनाते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठकों में सहभागिता की। अधिकारियों द्वारा साझा वाहन व्यवस्था को अपनाकर ईंधन बचत एवं पर्यावरण संरक्षण का सकारात्मक संदेश भी दिया जा रहा है। सीवीओ डॉ0 त्रिपाठी ने बताया कि शनिवार को तहसील खैर के संपूर्ण समाधान दिवस और फिर गभाना की शासकीय यात्रा भी उन्होंने पूलिंग व्यवस्था के तहत पूरी की थी।



