अलीगढ़

31 जुलाई तक इग्नू के जुलाई-2026 सत्र में प्रवेश का अवसर

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय के जुलाई-2026 प्रवेश सत्र के अंतर्गत स्नातक

-डॉ. अजय वर्धन आचार्य

अलीगढ़  इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय के जुलाई-2026 प्रवेश सत्र के अंतर्गत स्नातक, स्नातकोत्तर, पीजी डिप्लोमा, डिप्लोमा एवं विभिन्न सर्टिफिकेट कार्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि 31 जुलाई, 2026 निर्धारित की गई है।
इग्नू क्षेत्रीय केंद्र, अलीगढ़ के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अजय वर्धन आचार्य ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके लिए अभ्यर्थी इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट www.ignou.ac.in पर उपलब्ध प्रवेश लिंक के माध्यम से आवेदन कर डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड अथवा नेट बैंकिंग से शुल्क जमा कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इग्नू द्वारा रोजगारोन्मुखी, कौशल विकास आधारित एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों का व्यापक संचालन किया जा रहा है। इनमें कंप्यूटर साइंस, ग्रामीण विकास, सामाजिक कार्य, पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन, औद्योगिक सुरक्षा, पत्रकारिता एवं जनसंचार, संस्कृत, उर्दू, ज्योतिष, उद्यमशीलता, कृषि व्यवसाय प्रबंधन, डेयरी फार्मिंग, जैविक खेती, मुर्गी पालन, मधुमक्खी पालन तथा अरबी, फ्रेंच, जर्मन, जापानी एवं रूसी जैसी विदेशी भाषाओं के पाठ्यक्रम शामिल हैं।इसके अतिरिक्त प्राथमिक उपचार, योग, पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान, आपदा प्रबंधन, भोजन एवं पोषण, मानवाधिकार, उपभोक्ता संरक्षण, अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून, मानव तस्करी रोकथाम, गैर-सरकारी संगठन प्रबंधन, व्यापार कौशल, सूचना एवं तकनीकी कौशल, सूचना सुरक्षा की आधुनिक तकनीक, फैशन डिजाइन, पोषण एवं बाल देखभाल, ग्रामीण विकास, इवेंट प्रबंधन, गाइडेंस तथा वैदिक गणित में प्रमाणपत्र कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।इसी प्रकार साइबर कानून एवं कृषि नीति में पीजी डिप्लोमा और नैतिक शिक्षा, पंचायती राज प्रशासन एवं विकास, डेयरी प्रौद्योगिकी, वाटरशेड प्रबंधन एवं बागवानी जैसे डिप्लोमा कार्यक्रमों में भी प्रवेश उपलब्ध हैं। डॉ. आचार्य ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना समय रहते प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करने का आग्रह किया है। प्रवेश संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी इग्नू क्षेत्रीय केंद्र, श्री टीकाराम कन्या महाविद्यालय परिसर, रामघाट रोड, अलीगढ़ पर संपर्क कर सकते हैं अथवा मोबाइल नंबर 8869829838 पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!