डीएम की अध्यक्षता में कर करेत्तर एवं राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक संपन्न
जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलैक्ट्रेट सभागार में कर एवं करेत्तर राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक आयोजित की गई

अलीगढ़ : जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलैक्ट्रेट सभागार में कर एवं करेत्तर राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली सुनिश्चित करने, लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करने और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के प्रति कड़ी नाराजगी व्यक्त की।समीक्षा के दौरान आबकारी विभाग द्वारा मासिक लक्ष्य 108 करोड़ के सापेक्ष 96 करोड़ की वसूली की गई जोकि लक्ष्य का 89.21 प्रतिशत रही उन्होंने आबकारी विभाग को त्योहारी सीजन में प्रवर्तन की कार्यवाही बढ़ाते हुए अवैध शराब के आवागमन पर पूर्णतः अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीएम एवं एसीएम को निर्देशित किया कि शराब के ठेकों के बाहर शराब पीने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही करें इसके लिए सभी लाइसेंस धारकों के साथ बैठक कर शासन के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए। वाणिज्य कर विभाग द्वारा 186.16 करोड़ के मासिक लक्ष्य के सापेक्ष 120 करोड़ की वसूली की गई। डीएम ने एक करोड़ से ऊपर के वसूली प्रमाण पत्रों की एक सप्ताह में तहसीलवार रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। परिवहन विभाग की समीक्षा में पाया गया कि 18.22 करोड़ के मासिक लक्ष्य के सापेक्ष 19.95 करोड़ की वसूली हुई है। ओवरलोडिंग के 49 प्रकरणों में 21.60 लाख का जुर्माना वसूल किया गया है।नगर निगम एवं नगर विकास विभाग की वसूली को संतोषजनक पाया गया। वहीं कृषि विपणन, बाटमाप, लोक निर्माण, सिंचाई, अलौह खनन एवं वन विभाग की वसूली की भी विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि तहसीलों का दायित्व प्रभावी वसूली करना है। कोई भी आरसी अनावश्यक रूप से लंबित न रखी जाए। उन्होंने सभी विभागों को प्रवर्तन की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि तहसीलों में अनिवार्य रूप समन्वय बैठकों का साप्ताहिक आयोजन किया जाए, जिनमें विभिन्न प्रकरणों के साथ ही खाद उपलब्धता, विद्युत, नगरीय निकायों एवं पुलिस विभाग के प्रकरणों की भी समीक्षा की जाए।बैठक में एडीएम वित्त प्रमोद कुमार, एडीएम सिटी किंशुक श्रीवास्तव, एडीएम प्रशासन सौरभ भट्ट, एडीएम न्यायिक अनिल कुमार, सिटीमजिस्ट्रेट अतुल गुप्ता समेत सभी एसडीएम एवं जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
—–



