श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर: 06 अक्टूबर से तालानगरी में लगेंगे तीन दिवसीय शिविर
सीडीओ ने उद्यमियों एवं अधिकारियों के साथ बैठक कर अधिकाधिक श्रमिकों को लाभान्वित करने के दिए निर्देश

अलीगढ़ : सेवा संकल्प अभियान के तहत औद्योगिक एवं निर्माण श्रमिकों को तालानगरी में 06 से 08 अक्टूबर तक ’’श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर’’ आयोजित कर लाभान्वित किया जाएगा।मुख्य विकास अधिकारी योगेन्द्र कुमार ने उक्त जानकारी देते हुए श्रम, स्वास्थ्य एवं राज्य कर्मचारी बीमा निगम को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन अधिकाधिक श्रमिकों को लाभान्वित किया जाए। वह विकास भवन सभागार में गुरूवार को ’’श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर’’ के आयोजन के संबंध में उद्यमियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे।बैठक का संचालन करते हुए उप श्रम आयुक्त नदीम अहमद ने बताया कि श्रम विभाग के अंतर्गत कार्यरत उ०प्र० भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड, उत्तर प्रदेश राज्य सामजिक सुरक्षा बोर्ड, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, कर्मचारी राज्य बीमा निगम-ईएसआईसी, कर्मचारी राज्य बीमा योजना, उद्योग विभाग, औद्योगिक विकास प्राधिकरणों, औद्योगिक संगठनों एवं सेवायोजकों के मध्य प्रभावी समन्वय स्थापित कर श्रमिकों को एक ही स्थल पर स्वास्थ्य परीक्षण, ओ०पी०डी० सुविधा, चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक जाँच, रेफरल, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संबंधी जागरूकता और श्रम एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित जानकारी, श्रमिकों का पंजीकरण, नवीनीकरण एवं योजनाओं का हितलाभ एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
सीडीओ ने सभी औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों से आव्हान किया कि अधिकाधिक श्रमिकों को स्वास्थ्य सम्मान शिविर आयोजन विषयक श्रमिकों को पूर्व से ही अवगत करा दें, ताकि अधिकाधिक श्रमिकों को इसका लाभ मिल सके। एसीएमओ डा0 दिनेश खत्री ने बताया कि शिविर में पात्र श्रमिकों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए जाएंगे। इसके साथ ही ऐसे श्रमिक जिनके घर में 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग हैं तो वह उनका भी आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं। बैठक में ईएसआईसी में पंजीकृत श्रमिकों के विषय में चिकित्सा अधीक्षक ईएसआईसी हॉस्पिटल डा0 नितिका सेन ने बताया कि ईएसआई द्वारा भी विशेष शिविर का आयोजन श्रमिकों को स्वास्थ्य लाभ प्रदान किया जाएगा।
बैठक में उद्यमी सतीश माहेश्वरी, किशन गुप्ता, घनश्यामदास, विजेन्द्र सिंह, विकास शर्मा समेत एसीएमओ डा0 बीके राजपूत, चिकित्साधिकारी ईएसआई हास्पीटल डा0 विपिन कुमार वर्मा समेत अन्य उद्यमी एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।



