अलीगढ़

एनिमल फ़ीडर्स संस्था का छठा स्थापना दिवस 19 जुलाई को

छह वर्षों से जीव-जंतुओं के संरक्षण हेतु समाज को कर रही है प्रेरित

अलीगढ़। जीव-जंतुओं के संरक्षण एवं पशु कल्याण के क्षेत्र में निरंतर कार्यरत युवा संस्था एनिमल फ़ीडर्स अपना छठा स्थापना दिवस 19 जुलाई को स्थानीय होटल धीरज पैलेस स्थित सिटी क्लब में “जीव सेवा सम्मेलन” के रूप में आयोजित करेगी। सम्मेलन का उद्देश्य युवाओं को जीव सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ना तथा समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जीव सेवकों और संस्थाओं का सम्मान करना है।संस्था के सासनी गेट स्थित कार्यालय में आयोजित बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संस्थापक एवं अध्यक्ष इं. यश मणि जैन ने बताया कि एनिमल फ़ीडर्स पिछले छह वर्षों से जीव-जंतुओं के संरक्षण, पशु कल्याण, उपचार, जागरूकता अभियान तथा नागरिकों में जीव सेवा की भावना विकसित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि समाज को जीवों के प्रति संवेदनशील बनाने का एक जन-जागरूकता अभियान है।उन्होंने बताया कि वर्ष 2026-27 के सम्मेलन की थीम “युवा सशक्तिकरण” रखी गई है। संस्था का उद्देश्य युवाओं को जीव सेवा एवं पशु कल्याण से जोड़कर उनमें नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सेवा भाव का विकास करना है। पिछले वर्ष संस्था ने गौरैया संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन विषय पर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया था। उसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष युवाओं की सहभागिता बढ़ाने के लिए विभिन्न सामाजिक एवं सेवा गतिविधियाँ संचालित की जाएंगी। सम्मेलन के दौरान समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को “जीव सेवा सम्मान” से सम्मानित किया जाएगा।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के राजस्व राज्य मंत्री सुरेंद्र दिलेर, कार्यक्रम अध्यक्ष के रूप में एम.एल.सी. चौधरी ऋषिपाल सिंह, तथा विशिष्ट अतिथियों के रूप में ब्रजधाम भक्ति सेंटर से धनंजय वशिष्ठ एवं येशु वशिष्ठ, एनिमल फ़ीडर्स संस्था के मुख्य संरक्षक डॉ. पंकज धीरज, गौ रक्षा समिति से कृष्णा गुप्ता तथा डॉ. विराम वार्ष्णेय उपस्थित रहेंगे।संस्था की उपाध्यक्ष युक्ति गुप्ता ने कहा कि संस्था का निरंतर प्रयास है कि समाज में जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता बढ़े और विशेष रूप से युवा वर्ग सेवा के इस अभियान से सक्रिय रूप से जुड़े। वहीं, यूथ विंग अध्यक्ष अनुष्का जैन ने कहा कि संस्था की युवा टीम आने वाले समय में जीव सेवा, पशु कल्याण एवं जन-जागरूकता से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित करेगी, जिससे अधिक से अधिक युवाओं को इस सामाजिक अभियान से जोड़ा जा सके।बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा एवं व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर मानसी शर्मा, पूजा सिंह, गौरव यादव, फाल्गुनी धीरज, शौर्य, कृष्णा सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।सम्मेलन में शहर के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा स्वयंसेवी तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में सहभागी होंगे। कार्यक्रम के दौरान पशु कल्याण, जीव संरक्षण, युवा सशक्तिकरण एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा तथा समाज को जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशील बनाने का संदेश दिया जाएगा।एनिमल फ़ीडर्स संस्था ने सभी जागरूक नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं मीडिया प्रतिनिधियों से इस प्रेरणादायी कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की है।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!