अलीगढ़

महरावल रेलवे स्टेशन से भुकरावली तक फोरलेन सड़क निर्माण में तेजी लाएं, नवंबर माह के अंत तक हर हाल में पूरा करें कार्य

डीएम ने कोर कटर से सड़क की कटिंग कराकर परखी निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, मानकों से समझौता न करने के दिए सख्त निर्देश

अविनाश कुमार, जिलाधिकारी अलीगढ़  जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने मंगलवार को महरावल रेलवे स्टेशन से भुकरावली तक निर्माणाधीन फोरलेन सड़क का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए इसे नवंबर माह के अंत तक प्रत्येक दशा में पूर्ण कराया जाए। निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता को परखने के लिए डीबीएम लेयर की कोर कटर से कटिंग कराकर नमूना निकलवाया। इसके बाद नमूने की छंटाई एवं तौल कराकर निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप किए गए कार्य की बारीकी से जांच की। उन्होंने संबंधित अभियंताओं को निर्देशित किया कि निर्माण के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड संजीव पुष्कर ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि 36.91 करोड़ रुपये की लागत से 3.1 किलोमीटर लंबाई में इस फोरलेन मार्ग का निर्माण आकाशदीप कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कराया जा रहा है। भूमि अधिग्रहण में विलंब के कारण निर्धारित समय पर कार्य पूर्ण नहीं हो सका है। वर्तमान में लगभग 65 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य नवंबर माह के अंत तक पूर्ण कराने का लक्ष्य रखा गया है।

जिलाधिकारी ने अब तक हुए निर्माण कार्य का बारीकी से निरीक्षण करते हुए शेष कार्य की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी जाहिर की और सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकतानुसार अतिरिक्त मैनपावर एवं संसाधन लगाकर कार्य को युद्धस्तर पर पूरा कराया जाए। निर्माण कार्य की नियमित मॉनीटरिंग की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण सड़क जनता को उपलब्ध हो।उन्होंने कहा कि महरावल रेलवे स्टेशन से भुकरावली तक फोरलेन सड़क का निर्माण पूर्ण होने से रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों सहित आसपास के क्षेत्र के नागरिकों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी तथा शहर से स्टेशन तक आवागमन अधिक सुगम हो सकेगा। जनसुविधा से जुड़े इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता संजीव पुष्कर, सहायक अभियंता अनिरुद्ध कुमार, गुरुचरण सिंह, अवर अभियंता रूप सिंह, लेखराज सिंह, कोविंद प्रकाश एवं चन्द्र बोस सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!