अलीगढ़-मथुरा मार्ग के चौड़ीकरण से सुगम होगा सफर
डीएम ने गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के दिए सख्त निर्देश

अलीगढ़ जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने अलीगढ़-मथुरा मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण कर निर्माण की गुणवत्ता परखी। उन्होंने सड़क निर्माण में प्रयुक्त सामग्री एवं निर्धारित मानकों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए मौके पर ही कोर कटर से सड़क कटवाकर उसकी गहनता से जांच की। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मौके से निर्माण सामग्री का नमूना लेकर प्रयोगशाला में जांच कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता संजीव पुष्कर ने बताया कि लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड द्वारा अलीगढ़-मथुरा मार्ग का 27.800 किलोमीटर लंबाई में 92.853 करोड़ रुपये की लागत से चौड़ीकरण कराया जा रहा है। कार्य 6 फरवरी 2026 को प्रारंभ हुआ था और इसे मई 2027 तक पूर्ण किया जाना निर्धारित है। अब तक लगभग 45 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने मार्च 2027 तक निर्माण कार्य पूर्ण कर लिए जाने के लिए जिलाधिकारी को भरोसा दिलाया।
जिलाधिकारी ने कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर कार्य की गति तेज की जाए, जिससे इसे निर्धारित समयसीमा से पूर्व मार्च 2027 तक पूर्ण कराया जा सके। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में निर्धारित तकनीकी मानकों, गुणवत्ता एवं सामग्री की शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान आमजन एवं राहगीरों को आवागमन में अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखते हुए निर्माण कार्य कराया जाए, ताकि नागरिकों को आवागमन की सुविधा मिलती रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता अनिरुद्ध कुमार, गुरु चरण सिंह, अवर अभियंता प्रदीप राज एवं सुनील कुलश्रेष्ठ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



