बीएड-2026 परीक्षा को सकुशल, नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क
कलैक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की बैठक संपन्न, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट्स को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश

अलीगढ़ : बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2026 को सकुशल, निष्पक्ष, नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से कलैक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी नगर किंशुक श्रीवास्तव की अध्यक्षता में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं संबंधित अधिकारियों की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में बुंदेलखण्ड विश्वविद्यालय के पर्यवेक्षकगण भी उपस्थित रहे। इस दौरान परीक्षा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधन, गोपनीय सामग्री के संरक्षण तथा परीक्षा केन्द्रों पर समन्वित निगरानी को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी युक्त स्ट्रॉग रूम बनाया जाएगा और परीक्षा केंद्र के आसपास फोटोकॉपी की सभी दुकानें बंद रहेंगी।
बैठक में बताया गया कि जिले में बीएड-2026 परीक्षा 31 मई को दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली प्रातः 09 बजे से 12 बजे तक एवं द्वितीय पाली अपराह्न 02 बजे से 05 बजे तक संचालित की जाएगी। परीक्षा के लिए नगर क्षेत्र के 13 परीक्षा केन्द्र निर्धारित किए गए हैं, जिन पर कुल 6460 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। परीक्षा की सुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है।
अपर जिलाधिकारी नगर किंशुक श्रीवास्तव ने निर्देश दिए कि सभी सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा अवधि के दौरान निरंतर भ्रमणशील रहेंगे और केन्द्र व्यवस्थापकों एवं पर्यवेक्षकों के साथ समन्वय स्थापित कर परीक्षा को निर्विघ्न सम्पन्न कराएंगे। उन्होंने कहा कि परीक्षा की गोपनीय सामग्री की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है और कोषागार से प्रश्नपत्रों के निर्गमन एवं पुनः जमा किए जाने की समस्त प्रक्रिया निर्धारित समयबद्धता एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप संपन्न कराई जाएगी।
बैठक में नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग, विद्युत विभाग, पुलिस प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भी आवश्यक निर्देश दिए गए। परीक्षा केन्द्रों पर स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सहायता एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए गए, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा से संबंधित किसी भी सूचना, शिकायत अथवा आपात स्थिति पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता एवं शुचिता के साथ सम्पन्न कराया जाए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की निष्पक्षता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नकल अथवा अव्यवस्था फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
परीक्षा केंद्र: एएमयू गर्ल्स स्कूल ब्लॉक-ए, एएमयू गर्ल्स स्कूल ब्लॉक-बी, बालूलाज जैन इंटर कॉलेज, चिरंजीलाल बालिका इंटर कॉलेज, एएमयू एबीके बॉयज, डिपार्टमेंट ऑफ कॉमर्स, फैकल्टी ऑफ आर्ट्स एएमयू ब्लॉक-ए, फैकल्टी ऑफ आर्ट्स एएमयू ब्लॉक-बी, राजा महेन्द्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय एकेडमिक ब्लॉक-01, एएमयू सिटी स्कूल, एसटीएस स्कूल मिंटो सर्किल, सैय्यद हामिद सीनियर सेकेण्ड्री स्कूल, सीनियर सेकेण्ड्री स्कूल गर्ल्स एएमयू को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
——



