निर्वाचन अधिकारी ने मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची कराई प्रकाशित, 11 जुलाई तक मांगे सुझाव व आपत्तियां
अविनाश कुमार के निर्देशानुसार जिले की सभी सात विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची शनिवार को प्रकाशित कर दी गई

अलीगढ़ जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार के निर्देशानुसार जिले की सभी सात विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची शनिवार को प्रकाशित कर दी गई है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में मतदेय स्थलों का शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श की प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत यह कार्रवाई की गई है।जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र 71-खैर (अजा), 72-बरौली, 73-अतरौली, 74-छर्रा, 75-कोल, 76-अलीगढ़ एवं 77-इगलास (अजा) के मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची का प्रकाशन 4 जुलाई को कर दिया गया है। सूची का अवलोकन जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर किया जा सकता है।उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि यदि मतदेय स्थलों के संबंध में कोई आपत्ति अथवा सुझाव हो तो 11 जुलाई तक संबंधित तहसील के उप जिलाधिकारी कार्यालय अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय, कलक्ट्रेट स्थित ईवीएम वेयरहाउस में किसी भी कार्य दिवस पर लिखित रूप में प्रस्तुत किया जा सकता है।जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि प्राप्त सभी आपत्तियों एवं सुझावों का नियमानुसार परीक्षण कर अंतिम मतदेय स्थल सूची तैयार की जाएगी, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुगम एवं निष्पक्ष बनाया जा सके।



