51 दीपकों से शुरू हुई परंपरा, अब सवा लाख दीपों से जगमगाएगा अचल सरोवर
21वाँ देव दीपावली महोत्सव 24 नवंबर को, बनारस की तर्ज पर होगी बाबा महाकाल की महाआरती, भव्य आतिशबाज़ी बनेगी विशेष आकर्षण

हरिगढ़। प्राचीन सिद्धपीठ श्री गिलहराज जी हनुमान मंदिर, अचल सरोवर पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 21वें भव्य देव दीपावली महोत्सव का आयोजन 24 नवंबर 2026, मंगलवार को महंत योगी कौशल नाथ जी के सानिध्य में किया जाएगा। इस वर्ष महोत्सव में सवा लाख (1,25,000) दीपकों से दीपदान कर अचल सरोवर को दीपों की दिव्य आभा से आलोकित किया जाएगा।महोत्सव की विशेष धार्मिक परंपरा के अनुसार देवों के देव महादेव मुख्य अतिथि एवं प्रभु श्रीराम आतिथ्य स्वरूप विराजमान रहेंगे। इस अवसर पर समस्त जनप्रतिनिधियों को भी सादर आमंत्रित किया गया है।मंदिर में देव दीपावली महोत्सव की शुरुआत वर्ष 2006 में मात्र 51 दीपकों से हुई थी। श्रद्धा, संकल्प और सामाजिक सहभागिता के साथ निरंतर आगे बढ़ते हुए यह आयोजन आज एक विशाल जनोत्सव का स्वरूप ले चुका है। गत वर्ष 1,21,121 दीपकों से दीपदान किया गया था, जबकि इस वर्ष 1,25,000 दीपकों के प्रज्वलन का लक्ष्य रखा गया है। 51 दीपकों से शुरू हुई यह यात्रा आज हरिगढ़ की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान का गौरव बन चुकी है।शाम 6 बजे से शुरू होंगे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रममहोत्सव का शुभारंभ शाम 6:00 बजे गणेश वंदना के साथ होगा। शाम 6:15 बजे प्रभु श्रीराम जी की भव्य पालकी का आगमन एवं स्वागत किया जाएगा। शाम 6:30 बजे एक साथ सवा लाख दीपकों का प्रज्वलन किया जाएगा, जिससे अचल सरोवर का संपूर्ण परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठेगा।शाम 6:45 बजे मंदिर के महाआरती घाट पर बनारस की तर्ज पर बाबा महाकाल की भव्य महाआरती की जाएगी । महाआरती के समय भव्य आतिशबाज़ी भी की जाएगी, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियाँ निरंतर चलती रहेंगी।20 सामाजिक संस्थाएँ और लगभग 500 कार्यकर्ता संभालेंगे व्यवस्थाएँइस महोत्सव की सबसे बड़ी विशेषता सामाजिक संगठनों एवं आमजन की सहभागिता है। आयोजन की तैयारियाँ लगभग एक माह पूर्व से ही प्रारंभ हो जाती हैं। मातृशक्ति द्वारा घरों में दीपकों की बातियाँ तैयार की जाती हैं, महिलाएँ दीपकों को रंगने एवं सजाने में सहयोग करती हैं तथा छोटे बच्चे भी इस सेवा कार्य में उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं।इस वर्ष लगभग 20 सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थाओं के 500 के आसपास कार्यकर्ता महोत्सव की विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगे। पिछले वर्ष की भांति संस्थाओं को उनके निर्धारित घाटों, मंदिर परिसर, रंगोली, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, सुरक्षा एवं महाआरती सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं।सामूहिक सहभागिता से बनता है महोत्सव भव्यगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी सुबीर रॉय मित्र मंडल एवं दुर्गावाड़ी सम्मेलनी पूर्वी अचल घाट, सनातन समूह उत्तरी घाट, सर्वशक्ति सेवा संस्था एवं सहयोगी शिक्षण संस्थाएँ नौका विहार और मुख्य द्वार, पावनी फाउंडेशन एवं सनातन सेवा समिति दक्षिणी घाट तथा शिवसेना पश्चिमी घाट की व्यवस्था संभालेंगी।इसके अतिरिक्त मेरा अधिकार एनजीओ, आँशी एवं टीम, राघव सेना, चरण पादुका टीम, अचल रक्षक दल, आस्था डांस अकादमी, राधे राधे वूमेन क्राफ्ट इंस्टीट्यूट, कल्प सोसायटी, पदमा डांस अकादमी एवं संगीता डांस अकादमी सहित अन्य सहयोगी संस्थाएँ भी अपने निर्धारित दायित्वों का निर्वहन करेंगी।महोत्सव का मंदिर की आधिकारिक फेसबुक आईडी से सीधा प्रसारण किया जाएगा, जिससे देश-विदेश में बैठे श्रद्धालु भी इस दिव्य आयोजन के साक्षी बन सकेंगे।महंत योगी कौशल नाथ जी ने कहा कि देव दीपावली केवल दीप प्रज्वलन का पर्व नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, सामाजिक एकता, सामूहिक सेवा और आध्यात्मिक चेतना का महापर्व है। 51 दीपकों से प्रारंभ हुई यह परंपरा आज सवा लाख दीपकों तक पहुँची है। यह समस्त श्रद्धालुओं, सामाजिक संस्थाओं, मातृशक्ति, युवाओं एवं सेवाभावी कार्यकर्ताओं की सामूहिक आस्था और समर्पण का परिणाम है। हमारा प्रयास है कि इस वर्ष आयोजन को पहले से अधिक भव्य, दिव्य एवं यादगार बनाया जाए।समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों, श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से सपरिवार देव दीपावली महोत्सव में सम्मिलित होकर दीपदान एवं इस दिव्य आयोजन के सहभागी बनने की अपील की गई है।प्रेस वार्ता में गौरव अग्रवाल ,प्रदीप सिंह ,अमित सोनी ,डॉ सुबीर रॉय ,कृष्ण चंद्र ,धर्मेंद्र स्वामी,डॉ मुकेश शर्मा इत्यादि उपस्थित रहे



