अलीगढ़

होमगार्ड्स जवानों के कल्याण को सर्वाेच्च प्राथमिकता, आयुष्मान व कैशलेस चिकित्सा सुविधा से होंगे आच्छादित

भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस, विभागीय कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश

डीजी होमगार्ड्स

 अलीगढ़  उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक एवं कमाण्डेन्ट जनरल होमगार्ड्स डी.के. ठाकुर ने मंडल का औचक निरीक्षण कर विभागीय कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। सर्किट हाउस पहुंचने के बाद उन्होंने आयुक्त सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में अलीगढ़, हाथरस, एटा और कासगंज जनपदों के अधिकारियों के साथ विभागीय गतिविधियों, स्वयंसेवकों के कल्याण, टर्न-आउट और संगठन को अधिक व्यावसायिक एवं प्रभावी बनाने के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।बैठक में अलीगढ़ मंडल के मण्डलीय कमाण्डेन्ट राजेश कुमार सिंह, डिप्टी कमाण्डेन्ट जनरल पश्चिम परिक्षेत्र आगरा संजीव कुमार शुक्ला, चारों जिलों के जिला कमाण्डेन्ट सहित वैतनिक एवं अवैतनिक अधिकारी उपस्थित रहे।डीजी होमगार्ड्स ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि होमगार्ड्स स्वयंसेवकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा उनके प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाया जाए।अपने संबोधन में श्री ठाकुर ने कहा कि ड्यूटी के दौरान आकस्मिक दुर्घटना अथवा सेवाकाल में गंभीर बीमारी की स्थिति में स्वयंसेवकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय कैशलेस चकित्सा योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक जवानों को आच्छादित किया जाएगा। उन्होंने ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली को प्रभावी बनाने, समय पर वर्दी भत्ता भुगतान और अन्य कल्याणकारी योजनाओं के सुचारु क्रियान्वयन के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीजी होमगार्ड्स ने अवैतनिक अधिकारियों एवं स्वयंसेवकों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी कार्य परिस्थितियों, चुनौतियों और अपेक्षाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने थानों सहित विभिन्न ड्यूटी स्थलों पर होमगार्ड्स के लिए पृथक कक्ष उपलब्ध कराने, मानदेय वृद्धि तथा सेवानिवृत्ति लाभ जैसी मांगों को प्रमुखता से रखा। इस दौरान विभागीय व्यवस्थाओं और जमीनी स्तर की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि विभागीय हित एवं स्वयंसेवकों के कल्याण से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक पहल की जाएगी। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग में भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं होगा और जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पारदर्शिता, अनुशासन एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विभाग की छवि और कार्यक्षमता को सुदृढ़ बनाने के लिए ईमानदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करें।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!