विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के सुरक्षित आवागमन को लेकर बीआरसी धनीपुर पर कार्यशाला आयोजित
विद्यालय प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों एवं ग्राम प्रधानों ने किया प्रतिभाग

अलीगढ़ 26 मई 2026 (सू0वि0): पुलिस अधीक्षक यातायात प्रवीण कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र धनीपुर पर विद्यालयों में छात्र-छात्राओं का सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने एवं सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए विद्यालय प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों एवं ग्राम प्रधानों के साथ कार्यशाला का आयोजन किया गया।
एसपी टैªफिक ने कहा कि बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा के सभी निजी, शासकीय एवं अर्द्धशासकीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं का सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित कराना शासन-प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि शासनादेशानुसार सभी विद्यालयों में परिवहन सुरक्षा समिति का गठन करते हुए उसकी नियमित बैठकें आहुत की जानी है, ताकि विद्यालय स्तर पर भी छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों एवं दुर्घटना से बचाव के बारे में जागरूक किया जा सके।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) प्रवेश कुमार ने सभी विद्यालय प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों से अपील करते हुए कहा कि अपने-अपने स्कूल से संबद्ध सभी वाहनों की फिटनेस एवं सुरक्षा संबंधी सभी उपकरण सुनिश्चित कराते हुए चालक व परिचालक का चरित्र प्रमाण पत्र एवं अन्य प्रपत्रों को अद्यतन कराएं। उन्होंने कहा कि समय-समय पर असुरक्षित आवागमन के कारण अप्रिय दुर्घटनाएं घटित होती हैं, जिनसे हम सभी को सीख लेते हुए उन कारणों को दूर करने की आवश्यकता है।
जिला विद्यालय निरीक्षक डा0 पूरन सिंह ने सभी माध्यमिक विद्यालयों में एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा0 राकेश कुमार सिंह ने सभी प्राथमिक विद्यालयों में परिवहन सुरक्षा समिति का गठन कर नियमित बैठक आहुत कराते हुए ससमय रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
यातायात निरीक्षक विनय सागर शुक्ला ने विभिन्न सुरक्षा उपायों के साथ ही राहवीर योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यदि कोई भी जागरूक नागरिक किसी सड़क दुर्घटनाग्रस्त को दुर्घटना 01 घण्टे के भीतर अस्पताल पहुॅचाता है तो उसको 25 हजार रूपये का ईनाम दिया जाता है और उससे डॉक्टर भी कोई सवाल-जवाब नहीं करते हैं।
कार्यशाला में ब्लॉक धनीपुर के विभिन्न ग्रामों के प्रधान, विद्यालय प्रबंधक व प्रधानाचार्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला व्यायाम शिक्षक सुशील कुमार शर्मा द्वारा किया गया।



