अलीगढ़

खरीफ-2026 में एक लाख किसानों को फसल बीमा से जोड़ा जाएगा

जिला प्रशासन ने बैंकवार लक्ष्य किए निर्धारित

अलीगढ़  :  खरीफ-2026 मौसम में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत जिले के न्यूनतम एक लाख किसान क्रेडिट कार्ड धारक किसानों को बीमा सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके लिए सभी बैंकों को लक्ष्य आवंटित कर दिए गए हैं और योजना का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने के लिए विभागीय स्तर पर समन्वित कार्रवाई की जा रही है।उपनिदेशक कृषि अरुण कुमार चौधरी ने बताया कि मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार की अध्यक्षता में सभी संबंधित बैंकों एवं बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर बैंकवार निर्धारित लक्ष्यों की समीक्षा कर ली गई है। मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार द्वारा निर्देश दिए गए हैं कि अधिकाधिक पात्र किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से आच्छादित किया जाए और बीमा कंपनी सभी बैंक शाखाओं में पोस्टर एवं अन्य प्रचार-प्रसार सामग्री उपलब्ध कराकर किसानों को योजना के प्रति जागरूक बनाए।
उन्होंने बताया कि खरीफ-2026 के लिए फसल बीमा पोर्टल संचालित होते ही पंजीकरण प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी और बैंकवार निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। कृषि विभाग, बैंक एवं बीमा कंपनी के बीच समन्वय स्थापित कर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा।उपनिदेशक कृषि अरुण कुमार चौधरी ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों को प्राकृतिक आपदाओं, अतिवृष्टि, सूखा एवं अन्य जोखिमों से आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने का प्रभावी माध्यम है। खरीफ-2025 में जिले के 30,286 किसानों ने योजना के अंतर्गत फसल बीमा कराया था, जिनमें से 4,724 किसानों को फसल क्षति के सापेक्ष 2.33 करोड़ रुपये से अधिक की क्षतिपूर्ति प्रदान की गई। इसी सकारात्मक अनुभव को देखते हुए इस वर्ष बीमित किसानों की संख्या बढ़ाकर एक लाख करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मुख़्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार ने किसानों से अपील की है कि फसल बीमा पोर्टल प्रारंभ होते ही समय से अपना पंजीकरण कराकर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ उठाएं और अपनी फसलों को प्राकृतिक जोखिमों से सुरक्षित करें।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!