
अलीगढ़: चालू वित्तीय वर्ष के लिए पूर्वदशम एवं दशमोत्तर तथा उच्च शिक्षा छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाओं के अंतर्गत सामान्य, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार संचालित की जाएगी। यह जानकारी जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी विनीत कुमार मलिक ने दी।उन्होंने बताया कि शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार पूर्वदशम एवं दशमोत्तर के नवीनीकरण के छात्र-छात्राएं 11 अगस्त से 25 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर उसकी हार्ड कॉपी संबंधित शिक्षण संस्थान में जमा करेंगे। वहीं नवीन छात्र-छात्राएं 11 अगस्त से 21 सितम्बर तक ऑनलाइन पंजीकरण एवं आवेदन कर सकेंगे। इसके साथ ही 30 सितम्बर तक आवेदन का अंतिम प्रिंट निकाल सकेंगे। शासन द्वारा आवेदन प्रक्रिया में इस वर्ष विद्यार्थियों को निर्धारित अवधि के भीतर ही आवेदन पूर्ण करने पर विशेष बल दिया गया है।उच्च शिक्षा के दशमोत्तर छात्रवृत्ति कार्यक्रम के अंतर्गत नवीन शिक्षण संस्थानों द्वारा 22 जुलाई से 15 अगस्त तक मास्टर डाटा तैयार कर विश्वविद्यालय अथवा संबद्ध एजेंसी के माध्यम से मास्टर डाटाबेस में सम्मिलित होने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके उपरांत जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय से आवश्यक पासवर्ड प्राप्त किया जाएगा।
उच्च कक्षाओं के नवीनीकरण के विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन एवं हार्ड कॉपी जमा करने की अवधि 15 सितम्बर से 15 अक्टूबर निर्धारित की गई है, जबकि नवीन छात्र-छात्राएं 15 सितम्बर से 31 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण एवं आवेदन कर सकेंगे।जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने जिले के सभी विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों से अपील की है कि वे मास्टर डाटा को अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना समय से डिजिटल सिग्नेचर के माध्यम से प्रमाणित कराना सुनिश्चित करें। जिन संस्थानों को पासवर्ड अथवा डिजिटल सिग्नेचर रीसेट कराने की आवश्यकता है, वे प्रधानाचार्य अथवा छात्रवृत्ति नोडल अधिकारी के आधार कार्ड एवं पैन कार्ड की छायाप्रति सहित आवश्यक अभिलेख जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय में समय से उपलब्ध कराएं।
उन्होंने बताया कि छात्रवृत्ति योजना की विस्तृत समय-सारिणी एवं दिशा-निर्देश ष्उत्तर प्रदेश छात्रवृत्ति वेबसाइट https://scholarship.up.gov.in पर प्रदर्शित हैं। अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी एवं शिक्षण संस्थान विकास भवन, अलीगढ़ स्थित समाज कल्याण, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अथवा जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।



