पंजाबी क्वार्टर्स के पास खड़ी CNG बस में लगी भीषण आग, धू-धूकर जली बस
थाना बन्नादेवी क्षेत्र के पंजाबी क्वार्टर्स के पास सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई,

अलीगढ़। थाना बन्नादेवी क्षेत्र के पंजाबी क्वार्टर्स के पास सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सरकारी स्कूल के बराबर में खड़ी एक CNG बस में अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस धू-धूकर जलने लगी। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।बताया जा रहा है कि बस पंजाबी क्वार्टर्स के पास खड़ी थी। अचानक बस से धुआं उठता दिखाई दिया और देखते ही देखते उसमें आग की तेज लपटें उठने लगीं। आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रथम दृष्टया आग अज्ञात कारणों से लगना बताया जा रहा है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि पंजाबी क्वार्टर्स क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रूप से संचालित एवं खड़ी बसों का जमावड़ा रहता है। लोगों का कहना है कि सरकारी स्कूल के बराबर में इस तरह बसों का खड़ा होना सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर चिंता का विषय है। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास के क्षेत्र में बड़ा हादसा हो सकता था।घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक आग ने बस को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया और बस जलकर पूरी तरह राख हो गई। राहत की बात यह रही कि घटना के समय बस में कोई सवार नहीं था, जिससे जनहानि होने से बच गई।
बस में आग लगने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। पुलिस एवं अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।अवैध बसों के जमावड़े पर उठे सवाल घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों ने पंजाबी क्वार्टर्स के आसपास खड़ी रहने वाली बसों की व्यवस्था और उनके संचालन को लेकर सवाल खड़े किए हैं। लोगों ने संबंधित विभाग से अवैध रूप से संचालित एवं खड़ी बसों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने तथा सरकारी स्कूल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।



