जन्मदिन बना सेवा का पर्व: शशि शर्मा जी के जन्मदिवस पर दिल के नन्हे मरीजों के लिए फिर भरा गया “मानवता का फ्रिज”
अलीगढ़ के हृदय रोग विभाग में बच्चों के लिए संस्था द्वारा पिछले चार वर्षों से स्थापित "मानवता का फ्रिज" आज भी निरंतर जरूरतमंदों की सेवा कर रहा

अलीगढ़।”किसी के चेहरे पर मुस्कान लाना ही सबसे बड़ा उत्सव है।” इसी भावना को साकार करते हुए हैंड्स फॉर हेल्प सामाजिक संस्था, अलीगढ़ के संरक्षक डॉ. ए.के. शर्मा ने अपनी धर्मपत्नी एवं संस्था की सदस्य शशि शर्मा जी के जन्मदिवस को सेवा और मानवता के अनूठे पर्व के रूप में मनाया। जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, अलीगढ़ के हृदय रोग विभाग में बच्चों के लिए संस्था द्वारा पिछले चार वर्षों से स्थापित “मानवता का फ्रिज” आज भी निरंतर जरूरतमंदों की सेवा कर रहा है। इस फ्रिज के माध्यम से हृदय रोग से पीड़ित बच्चों को नारियल पानी, फ्रूटी, रियल जूस सहित अन्य पेय पदार्थ पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराए जाते हैं। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से अपने बच्चों के हृदय उपचार हेतु मेडिकल कॉलेज आने वाले सैकड़ों परिवार इस सेवा का लाभ प्राप्त कर चुके हैं। कठिन परिस्थितियों में यह छोटी-सी पहल उनके लिए राहत, अपनापन और मानवता का एहसास बनती है।
शशि शर्मा जी के जन्मदिवस के अवसर पर डॉ. ए.के. शर्मा ने इस सेवा को आगे बढ़ाते हुए फ्रिज को पुनः पेय पदार्थों से भरवाया तथा अस्पताल में भर्ती हृदय रोग से पीड़ित बच्चों को उपहार भेंट कर उनके चेहरे पर मुस्कान बिखेरी। इस अवसर पर उनके सुपुत्र एवं संस्था के सदस्य भावुक शर्मा ने भी पूरे उत्साह के साथ सेवा कार्य में सहभागिता निभाई।
इस मानवीय सेवा कार्य में डॉ. ए.के. शर्मा, डॉ. डी.के. वर्मा, चिराग कुमार, बृजेश वशिष्ठ, ईबाद भाई, नसीम भाई तथा संस्थाध्यक्ष सुनील कुमार सहित उपस्थित रहे। सभी ने सेवा कार्य में अपना सहयोग प्रदान करते हुए बच्चों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
हैंड्स फॉर हेल्प सामाजिक संस्था का यह सतत प्रयास समाज को यह संदेश देता है कि सच्चा जन्मदिन वही है, जो किसी जरूरतमंद के जीवन में खुशियाँ और उम्मीद की नई किरण लेकर आए।



