अलीगढ़ में पहली बार सामाजिक संस्थाओं का सम्मेलन,
हैंड्स फॉर हेल्प को मिला सोशल इम्पैक्ट एक्सीलेंस अवार्ड

अलीगढ़। शहर में सामाजिक सेवा के क्षेत्र में कार्य कर रही विभिन्न संस्थाओं को एक मंच पर लाने की सराहनीय पहल के अंतर्गत इंसानियत फाउंडेशन, अलीगढ़ के बैनर तले सामाजिक संस्थाओं का सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में अलीगढ़ की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सहभागिता करते हुए समाजहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया।
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य सामाजिक संस्थाओं के बीच आपसी समन्वय को मजबूत करना, समाजसेवा के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाना तथा शहर के जरूरतमंद, असहाय, परेशान एवं वंचित लोगों तक सहायता को अधिक व्यापक रूप से पहुंचाने के उपायों पर चर्चा करना रहा।कार्यक्रम में शामिल विभिन्न संस्थाओं ने अपने-अपने सामाजिक कार्यों एवं अनुभवों को साझा किया। सभी संस्थाओं के कार्यों की उपस्थित लोगों ने सराहना की तथा एक-दूसरे को समाजहित में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर इंसानियत फाउंडेशन की ओर से सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली संस्थाओं को प्रतीक चिन्ह एवं सम्मान प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। सम्मेलन में हैंड्स फॉर हेल्प सामाजिक संस्था, अलीगढ़ को भी सहभागिता का अवसर मिला। संस्था द्वारा लंबे समय से स्वास्थ्य, रक्तदान, शिक्षा एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता के क्षेत्र में किए जा रहे मानवीय कार्यों से उपस्थित लोग पूर्व से परिचित थे। संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए उसे “सोशल इम्पैक्ट एक्सीलेंस अवार्ड” से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान संस्था की ओर से संस्था अध्यक्ष सुनील कुमार एवं रामू रावत ने प्राप्त किया। सम्मान प्रदान करते हुए पद्मश्री हाकिम जिलूर रहमान ने संस्था के सामाजिक कार्यों की सराहना की तथा समाजहित में निरंतर सेवा कार्य करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया। हैंड्स फॉर हेल्प सामाजिक संस्था की ओर से इस सम्मान के लिए इंसानियत फाउंडेशन एवं सम्मेलन में उपस्थित सभी सामाजिक संस्थाओं, सहयोगियों एवं सम्मानित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। संस्था पदाधिकारियों ने कहा कि यह सम्मान केवल संस्था का नहीं, बल्कि उन सभी सहयोगियों, रक्तदाताओं, समाजसेवियों एवं शुभचिंतकों का सम्मान है, जिनके सहयोग और विश्वास से जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने का कार्य निरंतर जारी है। सम्मेलन में शहर के जाने-माने समाजसेवी डॉ. मोहसिन रजा, पद्मश्री हाकिम जिलूर रहमान, रामजी लाल मधुरिया, राहत सुल्तान सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित रहे। सभी ने सामाजिक संस्थाओं के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें समाजहित में निरंतर आगे बढ़ने और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए मिलकर कार्य करने हेतु प्रोत्साहित किया।



