अलीगढ़

महानगर में तेज़ी से आगे बढ़ रहे विकास कार्य,

सड़क, पुलिया व जल निकासी परियोजनाओं से मिलेगी स्थायी राहत

अलीगढ़ : शहरवासियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा महानगर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क, पुलिया एवं जल निकासी से संबंधित विकास कार्य युद्धस्तर पर कराए जा रहे हैं। बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान और नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के लिए कई स्थानों पर पुराने एवं क्षतिग्रस्त ढांचों का पुनर्निर्माण किया जा रहा है। सक्षम अधिकारियों का कहना है कि इन विकास कार्यों के पूर्ण होने के बाद शहर की यातायात व्यवस्था और जल निकासी प्रणाली में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।अधिशासी अभियंता नगर निगम ने बताया है कि नगर निगम द्वारा ओजोन सिटी रोड स्थित जाफरी ड्रेन पर समुचित जल निकासी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सकरी एवं क्षतिग्रस्त पुलिया का पुनर्निर्माण कराया जा रहा है। इसी क्रम में विवरान्त स्कूल के निकट स्थित दो पुलियों में से एक पुलिया का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है, जबकि दूसरी पुलिया से जल निकासी एवं आम नागरिकों के साथ-साथ विद्यालय आने-जाने वाले विद्यार्थियों के सुरक्षित आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कर दी गई है। प्रथम पुलिया का निर्माण पूर्ण होते ही दूसरी पुलिया का निर्माण कार्य भी प्रारंभ कराकर शीघ्र पूरा कराया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि संबंधित क्षेत्र में विद्यालय आने-जाने के लिए वैकल्पिक पुलिया उपलब्ध है, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों का आवागमन सुचारु रूप से संचालित हो रहा है। निर्माणाधीन पुलिया का कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप तेजी से कराया जा रहा है और इसे शीघ्र पूर्ण कर आमजन को समर्पित किया जाएगा नगर निगम ने बताया कि महानगर में अनेक स्थानों पर सड़क चौड़ीकरण, पुलिया निर्माण, नालों एवं ड्रेनों के सुधार तथा जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के कार्य एक साथ संचालित किए जा रहे हैं। ऐसे में कुछ स्थानों पर निर्माण एवं खुदाई के कारण नागरिकों को अस्थायी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन यह असुविधा केवल सीमित अवधि के लिए है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने पर वर्षों से चली आ रही जलभराव, जल निकासी और आवागमन संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित होगा।नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि विकास कार्यों के दौरान आवश्यक सहयोग एवं धैर्य बनाए रखें। प्रशासन का प्रयास है कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराए जाएं, जिससे महानगर को आधुनिक, सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं बेहतर आधारभूत सुविधाओं से युक्त बनाया जा सके और प्रत्येक नागरिक को इन विकास कार्यों का प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हो।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!