प्री-मैट्रिक, पोस्ट-मैट्रिक एवं टॉप-क्लास छात्रवृत्ति के लिए दिव्यांग छात्र-छात्राएं करें ऑनलाइन आवेदन
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी पारिशा मिश्रा ने उक्त जानकारी देते हुए अवगत कराया

अलीगढ़ दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार नई दिल्ली द्वारा आर्थिक रूप से पिछड़े दिव्यांग छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक सशक्तीकरण के लिए छात्रवृत्ति योजना संचालित की जाती है।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी पारिशा मिश्रा ने उक्त जानकारी देते हुए अवगत कराया है कि योजना के अन्तर्गत प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति (कक्षा 09 और 10 के लिए), पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति (कक्षा 11 से स्नातकोत्तर डिग्री-डिप्लोमा के लिए), उच्च श्रेणी शिक्षा (टॉप क्लास) छात्रवृत्ति (शिक्षा के उत्कृष्टता में अधिसूचित संस्थानों में स्नातकोत्तर डिग्री-डिप्लोमा), राष्ट्रीय ओवरसीज छात्रवृत्ति (विदेश स्थित विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर डिग्री पीएचडी), राष्ट्रीय फैलोशिप (भारतीय विश्वविद्यालय में एमफिल और पीएचडी), दिव्यांग छात्रों के लिए निःशुल्क कोचिंग (ग्रुप क और ख पदों के लिए भर्ती परीक्षाओं और तकनीकी और व्यवसायिक पाठ्क्रमों में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षाएं) के लिए छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है।
उन्होंने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, भारत सरकार नई दिल्ली द्वारा दिव्यांग छात्र-छात्राओं के लिए संचालित प्री-मैट्रिक, पोस्ट-मैट्रिक एवं टॉप-क्लास छात्रवृत्ति योजना के तहत शैक्षणिक सत्र-2026-27 के लिए समय-सारणी निर्गत की गयी है। समय सारिणी के अनुसार प्री-मैट्रिक के लिए छात्र 31 अगस्त तक एवं पोस्ट-मैट्रिक व टॉप क्लास के लिए छात्र 31 अक्टूबर तक आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्री-मैट्रिक के लिए प्राप्त आवेदनों का 15 सितम्बर तक एवं पोस्ट-मैट्रिक व टॉप क्लास के लिए प्राप्त आवेदनों का 15 नवंबर तक सत्यापन किया जाएगा।
उन्होंने जिले के सभी दिव्यांग छात्र-छात्राओं से आव्हान किया है कि राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल www.scholarship.gov.in में दी गई व्यवस्थानुसार वर्ष 2026-27 के लिए पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन पूर्ण करना सुनिश्चित करें ताकि अधिकाधिक दिव्यांग छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति का लाभ मिल सके।



