जियो टैगिंग में लापरवाही पर डीएम ने 13 विभागों को दिए सख्त निर्देश
जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक आयोजित

अलीगढ़ जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक आयोजित कर जिले में कराए गए वृक्षारोपण कार्यों की प्रगति एवं जियो टैगिंग की स्थिति की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान 13 विभागों द्वारा वृक्षारोपण स्थलों की जियो टैगिंग की प्रगति असंतोषजनक पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित विभागों को तत्काल जियो टैगिंग का कार्य पूर्ण कर सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत लगाए गए पौधों की जियो टैगिंग से पौधरोपण कार्य की वास्तविक स्थिति का प्रभावी अनुश्रवण एवं सत्यापन सुनिश्चित होता है। अतः सभी संबंधित विभाग निर्धारित मानकों के अनुरूप जियो टैगिंग का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि वृक्षारोपण से संबंधित कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में मियांवाकी पद्धति से किए गए वृक्षारोपण की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से मियांवाकी पद्धति से लगाए गए पौधों की स्थिति, संरक्षण एवं देखभाल के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल पौधरोपण कर लेना पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों का संरक्षण एवं उनका जीवित रहना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। संबंधित विभाग पौधों की नियमित निगरानी करते हुए उनकी सुरक्षा, सिंचाई एवं आवश्यक देखभाल सुनिश्चित करें, ताकि वृक्षारोपण अभियान के अपेक्षित परिणाम प्राप्त हो सकें। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन डीएफओ शिवम कुमार द्वारा किया गया।



