सुबह-सुबह दबिश, अवैध टिंक्चर और शराब बिक्री पर कड़ा प्रहार
अवैध मदिरा के खिलाफ आबकारी विभाग का सख्त अभियान जारी

अलीगढ़ शासन की मंशा के अनुरूप जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा व्यापक प्रवर्तन अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश और जिलाधिकारी एवं उप आबकारी आयुक्त, अलीगढ़ प्रभार के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी डी.के. गुप्ता के नेतृत्व में विभागीय टीमें लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहकर निरीक्षण एवं जांच कार्यवाही कर रही हैं।
आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-तीन खैर सुनील वर्मा ने मय स्टाफ जिले के विभिन्न देशी शराब एवं कम्पोजिट दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, पीओएस मशीन से बिक्री एवं सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का गहन परीक्षण किया गया। विभागीय टीम द्वारा उपलब्ध मदिरा का अभिलेखों से मिलान करते हुए अनुज्ञापियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने और शासन द्वारा निर्धारित मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। साथ ही क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी बनाए रखने एवं अवैध मदिरा के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश भी दिए गए।
विशेष अभियान के अंतर्गत बुधवार को आबकारी निरीक्षक सेक्टर-दो मनोज कुमार यादव ने मय स्टाफ विभिन्न मेडिकल स्टोर, किराना दुकानों एवं आसपास के संदिग्ध स्थलों पर दबिश देकर जांच एवं पूछताछ की। अभियान का उद्देश्य अवैध टिंचर एवं शराब की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाना रहा। निरीक्षण के दौरान आमजन को आबकारी विभाग के टोल फ्री नंबर की जानकारी देते हुए किसी भी प्रकार की अवैध शराब अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना विभाग को उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला आबकारी अधिकारी डी.के. गुप्ता ने कहा कि जिले में अवैध मदिरा के खिलाफ प्रवर्तन अभियान पूरी गंभीरता एवं सतर्कता के साथ आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि आमजन को सुरक्षित एवं पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।



