अलीगढ़

एफपीओ और कृषि विविधीकरण से बढ़ेगी किसानों की आय: डीएम अविनाश कुमार

किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों पर होगी एफआईआर: डीएम

अलीगढ़ : किसानों की आय बढ़ाने, खेती को आधुनिक एवं लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित करने एवं सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम किसान तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने किसान दिवस में कृषि विविधीकरण, एफपीओ मॉडल और वैज्ञानिक खेती को भविष्य की आवश्यकता बताया। क्वार्सी कृषि फार्म सभागार में आयोजित किसान दिवस में उन्होंने कहा कि जागरूक किसान ही आत्मनिर्भर कृषि व्यवस्था की मजबूत नींव बन सकते हैं। किसानों से संवाद करते हुए डीएम ने फसल बीमा, फार्मर रजिस्ट्री, गुणवत्तापूर्ण बीज-खाद उपलब्धता और समयबद्ध गेहूं भुगतान को प्रशासन की प्राथमिकता बताते हुए अधिकारियों को किसान हित में संवेदनशील और जवाबदेह होकर कार्य करने के निर्देश दिएजिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में क्वार्सी कृषि फार्म स्थित सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। किसान हितों को केंद्र में रखते हुए आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने किसानों से कृषि विविधीकरण अपनाने, वैज्ञानिक तकनीक से खेती करने और फसल बीमा कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि बदलते समय में कृषि को केवल परंपरागत खेती नहीं बल्कि एक मजबूत व्यवसाय के रूप में देखने की आवश्यकता है।
जिलाधिकारी ने गांवों के शिक्षित युवाओं को एफपीओ से जोड़ने पर जोर देते हुए कहा कि एकल खेती की अपेक्षा एफपीओ मॉडल किसानों के लिए अधिक सुरक्षित और लाभकारी भविष्य प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि किसान आधुनिक तकनीकों का उपयोग करते हुए बीमित फसलों की बुवाई करें, ताकि बेहतर उत्पादन के साथ किसी भी प्राकृतिक आपदा की स्थिति में फसल नुकसान का बीमा क्लेम भी प्राप्त हो सके।किसान बंधु फार्मर रजिस्ट्री अभियान का उल्लेख करते हुए डीएम ने किसानों से फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से कराने का आह्वान किया और कहा कि अंश निर्धारण में सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भूलेख में दर्ज किसान स्वयं अपनी फार्मर रजिस्ट्री तैयार कर सकता है। जिलाधिकारी ने जिला कृषि अधिकारी को निर्देश दिए कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, खाद और कीटनाशक उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि खाद-बीज की दुकानों का नियमित औचक निरीक्षण किया जाए और छापेमारी के दौरान कोई भी दोषी पाए जाने पर अनुमति प्राप्त कर तत्काल मुकदमा दर्ज कराया जाए। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद अधिकारी एवं कर्मचारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसानों को भी जागरूक और सक्रिय रहना होगा।फसल बीमा योजना की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि रबी सीजन में किसानों को लगभग 2 करोड़ 40 लाख रुपये का बीमा क्लेम उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने किसानों से 24 जुलाई तक बैंकों में बीमा संबंधी सहमति पत्र जमा करने की अपील की। किसान संगठनों के पदाधिकारियों से संवाद करते हुए डीएम ने कहा कि छोटे और मझोले किसानों के हितों को प्राथमिकता दी जाए। उर्वरक समितियों के माध्यम से नियमानुसार एवं समान वितरण सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी समिति के संबंध में शिकायत हो तो किसान प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से 12 बजे के मध्य कलेक्ट्रेट पहुंचकर लिखित शिकायत दे सकते हैं, जिम्मेदार का उत्तरदायित्व निर्धारण करते हुए समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। गेहूं खरीद एवं भुगतान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 58 प्रतिशत गेहूं खरीद हो चुकी है। एफसीआई को गेहूं उठान और समय से बारदाना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 62 करोड़ 87 लाख रुपये के सापेक्ष 52 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किसानों को किया जा चुका है और शेष भुगतान भी शीघ्र कराया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भुगतान के लिए धन की कोई कमी नहीं है।किसान दिवस में उपनिदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी, अधिशासी अभियंता सिंचाई, अधिशासी अभियंता विद्युत, सचिव मंडी, लीड बैंक मैनेजर, जिला उद्यान अधिकारी, सहायक निदेशक मत्स्य एवं मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं की जानकारी किसानों को दी। कार्यक्रम के दौरान किसानों ने गेहूं क्रय केंद्रों पर भुगतान में देरी, बोरों की कमी, विद्युत आपूर्ति, सिंचाई व्यवस्था तथा दुग्ध संग्रह केंद्रों पर दुग्ध मूल्य स्पष्ट अंकित न होने जैसी समस्याएं उठाईं, जिनके समाधान के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। किसान दिवस में जिलाधिकारी अविनाश कुमार किसानों के बीच बेहद सहज और आत्मीय अंदाज में नजर आए। उन्होंने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर समाधान कराने का प्रयास किया, जिससे किसानों में संतोष और विश्वास का वातावरण दिखाई दिया।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!