अलीगढ़

स्वतंत्र एवं निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर

जिला स्तरीय स्थायी समिति की बैठक में पत्रकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर हुई चर्चा

अलीगढ़ : जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को कलैक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय स्थायी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पत्रकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए जिला प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया।जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष पत्रकारिता लोकतंत्र को मजबूत करने का महत्वपूर्ण आधार है। जिला प्रशासन पत्रकारों को समाचार संकलन के लिए बेहतर और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मीडिया एवं जिला प्रशासन के बीच निरंतर संवाद और समन्वय बना रहना आवश्यक है। उन्होंने सहायक निदेशक सूचना को समिति की बैठकें नियमित रूप से आयोजित करने और मीडिया के साथ प्रभावी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस विभाग की ओर से किसी सक्षम अधिकारी के प्रतिभाग न करने का विषय भी समिति के सदस्यों द्वारा उठाया गया। सदस्यों ने आगामी बैठकों में पुलिस विभाग का समुचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किए जाने का अनुरोध किया। जिलाधिकारी ने इस पर आगामी बैठक में पुलिस विभाग का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नीतियों का आमजन को लाभ दिलाने में योजनाओं का प्रचार-प्रसार महत्वपूर्ण है जिसमें मीडिया प्रतिनिधि महती भूमिका निभाते हैं। उन्हांेने शासकीय योजनाओं में पात्रों के चिन्हांकन एवं अपात्रों को बाहर किए जाने में किए जा रहे मीडिया प्रतिनिधियों के सहयोग के लिए आभार प्रकट किया। सहायक निदेशक सूचना संदीप कुमार ने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप पत्रकारों के स्वतंत्र समाचार संकलन में आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर पत्रकार मान्यता के लिए निर्धारित नियम एवं पात्रता के अनुसार आवेदन किया जा सकता है, जिसके लिए पात्र पत्रकारों को जिला सूचना कार्यालय द्वारा आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। जिलाधिकारी ने मीडिया से प्राप्त सूचनाओं एवं सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई के साथ ही प्रशासन की ओर से सूचनाओं के पारदर्शी एवं समयबद्ध आदान-प्रदान की व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े विषयों में मीडिया और जिला प्रशासन का आपसी सहयोग एवं समन्वय महत्वपूर्ण है।बैठक में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग से मान्यता प्राप्त संवाददाता एवं समिति के सदस्य श्याम सुंदर शर्मा, संजय कुमार, अमित शर्मा और ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न संस्थानों का प्रतिनिधित्व कर रहे ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष देवेंद्र पाराशर उपस्थित रहे।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!