नई इकाईयों को मिलगा प्रशासन का सहयोग, देरी करने वाले अधिकारियों पर कार्यवाही तय
इकाईयों की स्थापना में अनापत्ति प्रमाण पत्र में देरी पर डीएम सख्त, अधिकारियों को दी चेतावनी

अलीगढ़: जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बन्धु एवं व्यापार बन्धु बैठक आयोजित की गई। डीएम ने कहा कि नवीन इकाईयों की स्थापना एवं संचालन के लिए जिला प्रशासन उद्यमियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। उनकी हर पात्र शिकायत व समस्या का समाधान कराया जाएगा। व्यापार बन्धु की बैठक में डीसी प्रशासन चन्द्रशेखर द्वारा प्रतिभाग न करने पर वेतन बाधित करते हुए स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।बैठक का संचालन करते हुए उपायुक्त उद्योग एस0पी0 यादव ने बताया कि सीडीएफ एवं तालानगरी औद्योगिक क्षेत्र में 132 केवीएविद्युत उपकेंद्र की स्थापना के बारे में अधिशासी अभियंता द्वारा विद्युत लोड प्रस्ताव बनाकर क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीसीडा को उपलब्ध करा दिया गया है। बैठक में आरएम यूपीसीडा द्वारा प्रतिभाग न करने पर विद्युत उपकेंद्र स्थापना के संबंध में कोई जानकारी न हो सकी। जिस पर जिलाधिकारी ने बिना अनुमति बैठक से गायब रहने पर आरएम यूपीसीडा श्याम गोपाल के विरूद्ध विभागीय कार्यवाही की संस्तुति संबंधी पत्र मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए। अप्रेंटिसशिप योजना में लक्ष्य के सापेक्ष पंजीयन एवं नियोजन न कराने पर जिलाधिकारी ने प्रधानाचार्य आईटीआई को पूर्ण मनोयोग के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।औद्योगिक आस्थान ख्यामई के संबंध में उपायुक्त उद्योग ने बताया कि 90 भूखण्डों की लीज डीड करा दी गई है, जिसके सापेक्ष 31 आवंटियों को कब्जा दिया जा चुका है प्लेज पार्क की अद्यतन स्थिति के संबंध में उन्होंने बताया कि लगातार भूखण्डों के आवंटन के साथ ही विभिन्न स्तरों पर प्रचार-प्रसार जारी है। उद्यमियों की मांग पर दाऊद खॉ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर कंटेनर स्टफिंग सेंटर की स्थापना के संबंध में अर्द्ध शासकीय पत्र भेजने के निर्देश दिए गये। लॉजिस्टिक योजना के तहत मुआवजा वितरण एवं सड़क निर्माण के संबंध में डीएम ने संबंधित एसडीएम, लेखपाल एवं अधिशासी अभियंता लोनिवि को बुलाकर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने विभिन्न प्रकार की नई इकाईयों की स्थापना के संबंध में जारी होने वाले अनापत्ति प्रमाण पत्र में देरी पर कड़ी प्रतिक्रया व्यक्त करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह अपनी कार्यशैली में सुधार लाएं और नवीन इकाईयों की स्थापना में अनावश्यक रोड़ा अटकाने के स्थान पर उनको सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जब उद्यम की स्थापना होगी तो रोजगार भी बढ़ेगा। बैठक में व्यापारी, उद्यमी एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।



