नगला मसानी के पेयजल संकट का स्थायी समाधान जल्द
ओवरहेड टैंक से जुड़ेगी जलापूर्तिअंतिम छोर पर होने से कम दबाव की समस्या

अलीगढ़ : दिल्ली गेट क्षेत्र के नगला मसानी में पेयजल आपूर्ति से जुड़ी समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगला मसानी की सप्लाई को नगला मसानी ओवरहेड टैंक से जोड़ने का प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। नगर निगम के अनुसार प्रस्ताव पर स्वीकृति एवं आवश्यक कार्यवाही के बाद लगभग 15 दिन में व्यवस्था में सुधार होने की संभावना है।नगर निगम के मुताबिक वर्तमान में नगला मसानी क्षेत्र को शाह जमाल डबल टंकी से जलापूर्ति की जा रही है। क्षेत्र सप्लाई लाइन के अंतिम छोर पर होने के कारण पर्याप्त दबाव के साथ समुचित जलापूर्ति में कठिनाई आ रही है। इसके चलते कुछ स्थानों पर पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की शिकायतें सामने आई हैं।समस्या के तात्कालिक समाधान के लिए क्षेत्र में टैंकरों के माध्यम से पेयजल की आपूर्ति कराई जा रही है, ताकि स्थायी व्यवस्था होने तक लोगों की आवश्यक पेयजल जरूरत पूरी होती रहे। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि समस्या के समाधान के लिए केवल वैकल्पिक व्यवस्था ही नहीं, बल्कि जलापूर्ति के स्रोत और नेटवर्क में सुधार की स्थायी कार्ययोजना पर भी काम किया जा रहा है।नगला मसानी को ओवरहेड टैंक से जोड़ने के बाद क्षेत्र में जलापूर्ति की क्षमता और दबाव में सुधार आने की उम्मीद है। इससे सप्लाई लाइन के अंतिम छोर पर होने के कारण उत्पन्न हो रही समस्या का स्थायी समाधान किया जा सकेगा।



