अलीगढ़

राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा अलीगढ़ पूरे जोश और उल्लास के साथ निकली तिरंगा यात्रा

स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में अलीगढ़ में गुरुवार को राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम का अद्भुत उत्साह देखने को मिला

अलीगढ़  स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में अलीगढ़ में गुरुवार को राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम का अद्भुत उत्साह देखने को मिला। जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग के सौजन्य से आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स, पीआरडी जवानों, सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों और आमजन ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे जोश एवं गर्व के साथ सहभागिता की। सड़कों पर लहराते तिरंगे और राष्ट्रभक्ति के नारों से वातावरण देशप्रेम से सराबोर हो गया।जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने सुभाष चौक से तिरंगा यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया नौरंगीलाल इंटर कॉलेज के बैंड की राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत धुनों के बीच तिरंगा यात्रा आगे बढ़ी तो पूरा वातावरण ‘भारत माता की जय’ और देशभक्ति के भाव से गूंज उठा। यात्रा में सिविल डिफेंस, नौरंगीलाल इंटर कॉलेज, 125 यूपी एनसीसी बटालियन, एसएमबी इंटर कॉलेज, विजडम स्कूल, पीआरडी जवानों, श्री टीकाराम कन्या इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज सहित विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी एवं अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए।तिरंगा यात्रा सुभाष चौक से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होती हुई कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर पहुंची यहां पीएसी बैंड द्वारा तिरंगा यात्रा का स्वागत किया गया तथा राष्ट्रगान के साथ यात्रा का समापन हुआ। राष्ट्रगान के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत नजर आया और उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव को अक्षुण्ण रखने का संकल्प लिया।इस अवसर पर आयुक्त अलीगढ़ मंडल संगीता सिंह ने कहा कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता,त्याग और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब यह संदेश दे रहा है कि अलीगढ़ का हर नागरिक राष्ट्रहित और देश की प्रगति के लिए पूरी निष्ठा के साथ प्रतिबद्ध है।जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि तिरंगा हमारे स्वाभिमान और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ऐसे आयोजनों का उद्देेश्य नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और अपने कर्तव्यों के प्रतिजिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने सभी नागरिकों से राष्ट्र की प्रगति में अपना योगदान देने का आह्वान किया।मा0 एमएलसी डॉ. मानवेंद्र सिंह ने कहा कि आजादी हमें अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से मिली है।

तिरंगा हमें हमेशा यह प्रेरणा देता है कि राष्ट्र सर्वाेपरि है और देश की एकता एवं अखंडता की रक्षा करना हम सभी का दायित्व है।जिला महामंत्री शिवनरायन शर्मा ने कहा कि तिरंगा यात्रा ने पूरे अलीगढ़ में राष्ट्रभक्ति का वातावरण बना दिया है। युवाओं और विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी यह दर्शाती है कि देश के प्रति प्रेम और समर्पण की भावना नई पीढ़ी में पूरी मजबूती के साथ मौजूद है जिला पर्यटन अधिकारी अनुपम श्रीवास्तव द्वारा सभी अतिथियों को तिरंगा पट्टी, टोपी और झंडा वितरण कर स्वागत किया गया।तिरंगा यात्रा में मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. पूरन सिंह, डीसी एनआरएलएम मंजू त्रिवेदी, जिला क्रीड़ा अधिकारी पूनम लता राज, सीवीओ डॉ. दिवाकर त्रिपाठी, डीडीओ सुभाष नेमा, एडीआईओएस राजकिशोर, डीपीआरओ यतेंद्र कुमार सिंह, सिविल डिफेंस से सीपी सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट्स, पीआरडी जवान, सिविल डिफेंस स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजन मौजूद रहे।तिरंगा यात्रा ने अलीगढ़ की धरती पर ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को सशक्त करते हुए स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को नई ऊर्जा और उल्लास प्रदान किया।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!