उद्योग बन्धु बैठक में उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश
सीडीओ ने औद्योगिक क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं, विद्युत उपकेंद्र, सड़क, अतिक्रमण एवं भूखंड आवंटन संबंधी प्रकरणों की समीक्षा की

अलीगढ़ मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बन्धु समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में औद्योगिक संगठनों एवं उद्यमियों द्वारा उठाई गई समस्याओं और पूर्व बैठकों में लिए गए निर्णयों की अनुपालन स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में ताला नगरी औद्योगिक क्षेत्र में 132 केवीए विद्युत उपकेंद्र की स्थापना के संबंध में बताया गया कि विद्युत उपकेंद्र के लए आवश्यक भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करने की कार्रवाई की जा रही है। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को भूमि संबंधी प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि औद्योगिक इकाइयों को बेहतर विद्युत आपूर्ति उपलब्ध हो सके।आईटीआई अलीगढ़ में अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण एवं नियोजन की समीक्षा में बताया गया कि वित्तीय वर्ष में 1,000 प्रशिक्षुओं को नयोजित किए जाने का लक्ष्य निर्धारित है। जुलाई 2026 तक 253 प्रशिक्षुओं का नियोजन किया जा चुका है। सीडीओ ने शेष लक्ष्य की पूर्ति के लिए मासिक आधार पर कार्ययोजना बनाकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। प्लेज पार्क के संपर्क मार्ग के संबंध में लोक निर्माण विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि प्लेज पार्क के विकास के लिए संबंधित विभागों के स्तर से आवश्यक पत्राचार किया जा चुका है। सीडीओ ने परियोजना की नियमित मॉनीटरिंग करते हुए समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।
प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना की समीक्षा में बताया गया कि जनपद के लिए निर्धारित 905 के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 698 पंजीकरण कराए जा चुके हैं। सीडीओ ने अधिकाधिक लाभार्थियों का पंजीकरण सुनिश्चित करने और प्रगति आख्या नियमित रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। औद्योगिक आस्थान खैर से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि आवंटित 90 भूखंडों में से 71 भूखंडों की लीज डीड संपादित हो चुकी है और इनमें से 35 आवंटियों को भौतिक कब्जा प्रदान किया जा चुका है। सीडीओ ने शेष लीज डीड एवं कब्जे की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए साथ ही भूमि अधिग्रहण से संबंधित प्रकरणों का भी समयबद्ध निस्तारण करने को कहा।प्लेज पार्क के अद्यतन विकास के संबंध में बताया गया कि अब तक 30 प्लॉट का अग्रिम धनराशि प्राप्त हो चुका है सीडीओ ने परियोजना की निरंतर मॉनीटरिंग करते हुए निवेशकों एवं उद्यमियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। दाऊद खान जंक्शन रेलवे स्टेशन पर कंटेनर स्टफिंग सेंटर स्थापित किए जाने के प्रकरण में बताया गया कि परियोजना से संबंधित भूमि संबंधी अधिकांश कार्रवाई आगे बढ़ चुकी है। सीडीओ ने लोक निर्माण विभाग को आवश्यक प्राक्कलन तैयार कर मुख्यालय को भेजने और प्रस्तावित सड़क निर्माण की कार्रवाई शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए। कंटेनर स्टफिंग सेंटर स्थापित होने से अलीगढ़ एवं आसपास के जिलों के निर्यातकों को माल ढुलाई में सुविधा मिलने एवं परिवहन लागत एवं समय में कमी आने की संभावना है।ए.डी.एम. सोलर पावर एंड इंफ्रास्ट्रक्चर प्रा. लि. के 20,000 केवीए विद्युत संयोजन संबंधी प्रकरण में विद्युत विभाग को नियमानुसर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में कंपनी द्वारा पूर्व में जमा प्राक्कलन धनराशि को समायोजित करते हुए संशोधित प्राक्कलन के अनुसार आवश्यक धनराशि जमा करने पर सहमति व्यक्त किए जाने की जानकारी दी गई। निर्यातकों एवं निर्यात संबंधी समस्याओं की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने उपायुक्त उद्योग को निर्यात संवर्धन के लिए उद्यमियों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित करने तथा निर्यातकों से सुझाव प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।तालानगरी रोड संख्या-29, सेक्टर-1 पर अतिक्रमण के प्रकरण में बताया गया कि सड़क पर अतिक्रमण के कारण जल निकासी प्रभावित हो रही है सीडीओ ने क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीसीडा को अतिक्रमण तत्काल हटवाने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यूपीसीडा द्वारा संबंधित भूखंड स्वामियों को 30 दिवस के भीतर अतिक्रमण हटाने के लिए आश्वासन प्रदान किया गया है।बैठक में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के विद्युत संयोजन, एडीएम सोलर द्वारा दादों-सांकरा को जोड़ने वाली सड़क के चौड़ीकरण, ए.सी.एम. एजुकेशन एंड चैरिटेबल ट्रस्ट के तहसील कोल से एनओसी और विशिष्ठ सिनेमा के संचालन की स्वीकृति से संबंधित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए बैठक में निवेश मित्र पोर्टल पर प्रदर्शित आवेदनों, स्वीकृत एवं लंबित प्रकरणों और उद्यमियों की शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की भी समीक्षा की गई सीडीओ ने कहा कि निवेशकों एवं उद्यमियों को शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की अनावश्यक कठिनाई न हो और सभी विभाग निर्धारित समय-सीमा में अपने स्तर से कार्रवाई सुनिश्चित करें।बैठक का संचालन उपायुक्त उद्योग एस पी यादव द्वारा किया गया। विभिन्न विभागों के अधिशासी अभियंता, औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी एवं उद्यमी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



