प्रोजेक्ट अलंकार से नौरंगीलाल इंटर कॉलेज का होगा कायाकल्प
विद्यालय के समग्र विकास की आधारशिला बनेगा प्रोजेक्ट अलंकार

-डीआईओएस
अलीगढ़ : जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. पूरन सिंह ने बताया है कि जिले में विद्यालयी खेल गतिविधियों के संचालन एवं खेल सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए विभाग पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है और किसी भी स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।उन्होंने बताया कि शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए स्पोर्ट्स फॉर स्कूल कार्यक्रम और उत्तर प्रदेश माध्यमिक विद्यालयी वार्षिक खेलकूद पंचांग-2026 के अनुसार जनपदीय एवं मंडलीय खेल प्रतियोगिताओं का कार्यक्रम पहले ही जारी किया जा चुका है। सभी प्रधानाचार्यों एवं प्रधानाचार्याओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। जिन विद्यालयों में प्रतियोगिताएं प्रस्तावित हैं, वहां के प्रधानाचार्यों एवं शारीरिक शिक्षकों को खेल मैदानों को प्रतियोगिताओं के अनुरूप तैयार रखने और उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश समय-समय पर दिए जाते रहे हैं।जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज के खेल मैदान में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए 1 अगस्त को ही प्रधानाचार्य को नगर निगम से तत्काल समन्वय स्थापित कर मैदान से पानी निकलवाने के निर्देश जारी किए गए हैं। साथ ही नगर आयुक्त, नगर निगम को भी पत्र भेजकर शीघ्र जल निकासी कराने का अनुरोध किया गया है, ताकि मैदान जल्द से जल्द खेल गतिविधियों के लिए उपयोगी बनाया जा सके।
उन्होंने यह भी अवगत कराया कि कॉलेज के समग्र विकास के लिए प्रोजेक्ट अलंकार के अंतर्गत अतिरिक्त कक्षों, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था, सेप्टिक टैंक, भवन मरम्मत, इंटरलॉकिंग, टाइल्स, पार्किंग शेड एवं बाउंड्री वॉल सहित विभिन्न अवस्थापना सुविधाओं के निर्माण का विस्तृत प्रस्ताव पहले ही उच्च स्तर पर प्रेषित किया जा चुका है। प्रस्ताव स्वीकृत होने पर विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं में व्यापक सुधार होगा।डॉ. पूरन सिंह ने कहा कि विभाग का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराना है। खेल मैदानों की स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है और जहां भी आवश्यकता महसूस की जा रही है, वहां संबंधित विभागों के समन्वय से त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कर खेल गतिविधियों के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है।



